Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • दिल्ली चुनाव: भाजपा ने जारी किया ‘संकल्प पत्र’, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500

दिल्ली चुनाव: भाजपा ने जारी किया ‘संकल्प पत्र’, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने इसमें दिल्ली की जनता से बहुत सारे वादे किए हैं। महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह, एलजीपी सिलेंडर में 500 की सब्सिडी देने की बात संकल्प पत्र में कही गई है। इसके साथ ही होली और दिवाली में एक-एक सिलेंडर मुफ्त में देने का वादा भी भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि मेनिफेस्टो पहले भी आते थे, लेकिन आप भी भूल जाते थे और राजनीतिक पार्टियां भी भूल जाती थी कि उन्होंने क्या कहा था। लेकिन ये राजनीतिक संस्कृति का परिवर्तन है कि आज मेनिफेस्टो ‘संकल्प पत्र’ में परिवर्तित हो गया है। संकल्प से सिद्धि की ओर जाने का मंत्र भी हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने दिया है।

जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड है कि जो कहा था, वो किया है और जो नहीं कहा था वो भी करके दिया है। इसलिए एक वाक्य भारत और दिल्ली की जनता के मन में समा गया है कि ‘मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की भी गारंटी है’। हमने गरीब कल्याण, सुशासन, गुड गवर्नेंस, महिला सम्मान, विकास, युवाओं और किसानों का सशक्तिकरण और मजदूर वर्ग को मुख्य धारा में लाने को अपना objective बनाया और आज मुझे खुशी है कि नीति आयोग के अनुसार 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल आए हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को ऐलान किया है कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश की गरीब महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी और होली, दीवाली पर एक एक सिलेंडर फ्री दिया जाएगा। इसके साथ ही जेपी नड्डा ने ये भी बताया कि दिल्ली में जो जन कल्याण की योजनाएं चल रही हैं, वो सारी योजनाएं भाजपा की सरकार बनने पर भी जारी रहेंगी। उन सभी योजनाओं का ज्यादा कारगर तरीके से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा और उन्हें भ्रष्टाचार से मुक्त भी किया जाएगा।

जेपी नड्डा ने बताया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र को दिल्ली के मतदाताओं के सुझाव पर तैयार किया गया है। लगभग 1 लाख 80 हजार फीडबैक हमें मिले हैं। 12 हजार छोटी-बड़ी सभाओं के माध्यम से चर्चा की गई और 41 एलईडी वैन के माध्यम से विचार एकत्र किए गए हैं। नड्डा ने कहा कि आज अपने संकल्प पत्र का पहला भाग मैं आपके सामने जारी कर रहा हूं। दूसरा और तीसरा भाग भी जल्द ही आपके सामने रिलीज किया जाएगा।

दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा। 8 फरवरी को रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को ख़त्म होने वाला है। 2020 विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा 6 जनवरी को हुई थी। सभी 70 सीटों पर एक चरण में 8 फरवरी 2020 को वोटिंग हुई थी और नतीजों की घोषणा 11 फरवरी को हुई थी।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required